Breaking News

जब्त संपत्तियों पर स्कूल-अनाथालय बनाने के सुझाव को जदयू का समर्थन, सम्राट चौधरी के बयान पर सहमति

Share This News

बिहार (BIHAR): जदयू नेता नीरज कुमार ने गृह मंत्री सम्राट चौधरी द्वारा राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव को लेकर दिए गए हालिया बयान का समर्थन किया है। नीरज कुमार ने कहा कि सम्राट चौधरी ने वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए अपनी बात स्पष्ट रूप से रखी है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने अवैध तरीकों से संपत्ति अर्जित की है, विशेष रूप से लालू यादव, जिन्हें सम्राट चौधरी पंजीकृत अपराधी बताते हैं, उनकी संपत्तियों को कानून के तहत निर्धारित समय-सीमा में जब्त कर वहां स्कूल और अनाथालय जैसे जनकल्याणकारी संस्थान स्थापित किए जाने चाहिए।

क्या कहा था सम्राट चौधरी ने

गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने कहा था कि राजद सुप्रीमो लालू यादव की जब्त की गई संपत्तियों का उपयोग सरकार शिक्षा के लिए करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि लालू प्रसाद यादव पंजीकृत अपराधी हैं और चारा घोटाले से जुड़े करीब 950 करोड़ रुपये के मामलों में दोषसिद्ध हो चुके हैं।

एक न्यूज चैनल के कार्यक्रम के दौरान सम्राट चौधरी ने यह भी बताया कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और सीबीआई पहले ही लालू यादव की कई संपत्तियों को अटैच कर चुकी हैं। इनमें पटना चिड़ियाघर के समीप स्थित एक विशाल इमारत भी शामिल है, जो बीते करीब 20 वर्षों से बंद पड़ी है।

सम्राट चौधरी ने कहा कि जनता के टैक्स के पैसों से हुए घोटालों से बनी संपत्तियों को यूं ही बंद नहीं रहने दिया जाएगा। सरकार वहां मरम्मत और रंग-रोगन कराकर सरकारी स्कूल खोलेगी, जिससे गरीब और जरूरतमंद बच्चों को सीधा लाभ मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि इससे लालू प्रसाद यादव को भी संतोष होगा।

स्पीडी ट्रायल की बात

गृह मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि अब गुंडा बैंक और अवैध सूदखोरी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मनमाने ब्याज की वसूली पर रोक लगेगी और अपराध के जरिए बनाई गई संपत्तियों को जब्त कर जनहित के कार्यों में इस्तेमाल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में मुकदमा चलना है, उन्हें फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से निपटाया जाएगा, ताकि तीन से छह महीने के भीतर फैसला हो सके। दोषी पाए जाने वालों को सीधे जेल भेजा जाएगा।

Leave a comment