मेयर चुनाव को लेकर शहर में राजनीतिक हलचल तेज है। इसी कड़ी में गुरुवार को उम्मीदवार रवि बुंदेला ने अपने जनसंपर्क अभियान के तीसरे चरण की शुरुआत की, जिसने कई इलाकों में चुनावी माहौल को और सक्रिय कर दिया।
डिगवाडीह में उन्होंने घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की, उनकी समस्याएं सुनीं और समर्थन की अपील की। स्थानीय निवासियों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर खुलकर बातचीत की।
इसके बाद झरिया के वार्ड नंबर 44 में आयोजित कार्यक्रम में युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों की अच्छी-खासी मौजूदगी देखने को मिली। समर्थकों का कहना है कि अभियान को मिल रहा जनसमर्थन संकेत दे रहा है कि मतदाता बदलाव को लेकर गंभीर हैं।
पाथरडीह कोल वॉशरी क्षेत्र में डोर-टू-डोर संपर्क अभियान के दौरान श्रमिक परिवारों और स्थानीय नागरिकों से रोजगार, स्वच्छता, बुनियादी ढांचे और सुरक्षा जैसे विषयों पर चर्चा की गई। बुंदेला ने इन मुद्दों के समाधान का भरोसा दिलाया।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, यह अभियान अब पारंपरिक प्रचार से आगे बढ़कर व्यापक जनसंपर्क का रूप ले रहा है। शहर के अलग-अलग हिस्सों में लोगों की भागीदारी बढ़ती नजर आ रही है।
रवि बुंदेला ने कहा कि उनका लक्ष्य धनबाद को स्वच्छ, सुरक्षित और आधुनिक शहर के रूप में विकसित करना है, जहां सभी वार्डों में बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित हों और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ें। उन्होंने नागरिकों से चुनाव में सक्रिय भागीदारी की अपील भी की।