पाकुड़ (PAKUR): मुफस्सिल थाना अंतर्गत किस्मत लखनपुर गांव में शनिवार देर रात हुई फायरिंग की घटना में स्थानीय निवासी मकबुल शेख उर्फ शुकु की मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना के पीछे पुराने विवाद की कड़ी जुड़ी हुई है।
बताया जाता है कि मकबुल शेख पत्थर कारोबार से जुड़े थे और निजी स्तर पर पैसा उधार देने का काम भी करते थे। गोलीबारी की सूचना फैलते ही गांव में भय और तनाव का माहौल बन गया। जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी गौरव कुमार अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और अपराधियों की तलाश में तुरंत कार्रवाई शुरू की।
घटना को गंभीर मानते हुए एसपी निधि द्विवेदी ने एसडीपीओ दयानंद आजाद के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया। लगातार बारिश के बावजूद टीम ने तेज़ी से छापेमारी अभियान चलाया और दो आरोपियों — ललन शेख उर्फ सादीरूल तथा दनारूल शेख — को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने उनके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल हथियार और पाँच जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। मृतक का पोस्टमार्टम कराया गया और फिर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
प्रेस वार्ता में एसपी निधि द्विवेदी ने कहा कि पंचायत चुनाव के समय मकबुल शेख और आरोपियों के बीच विवाद गहरा गया था। इसी दुश्मनी का परिणाम इस हत्या के रूप में सामने आया है।