सदर अस्पताल में आज आयुष्मान भारत योजना के तहत सफलतापूर्वक गर्भाशय ऑपरेशन संपन्न हुआ। अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ संजीव कुमार ने बताया कि धनबाद की रहने वाली गीता देवी (उम्र 45 वर्ष) पति बजरंगी साव, निवासी गोल बिल्डिंग, मनईटांड़, पिछले चार महीनों से अत्यधिक माहवारी (ज्यादा रक्तस्राव) की समस्या से पीड़ित थीं।
उन्होंने कई निजी चिकित्सकों से परामर्श लिया, जहाँ उन्हें ऑपरेशन की सलाह दी गई, परंतु आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे निजी अस्पतालों का ₹40 से 50 हजार तक का खर्च वहन नहीं कर पा रहीं थीं।
उन्हें जानकारी मिली कि धनबाद के सदर अस्पताल में डॉ. संजीव कुमार प्रसाद, स्त्री रोग विशेषज्ञ एवं एंडोस्कोपिक सर्जन द्वारा आयुष्मान भारत कार्ड के तहत निःशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने डॉ संजीव कुमार से परामर्श लिया। जाँच में खून की कमी पाई गई, जिसके बाद उनको रक्त चढ़ाया गया और उचित तैयारी के बाद आज, दिनांक 05 नवम्बर 2025 को, डॉ. संजीव कुमार के नेतृत्व में डॉ. आनंद (एनेस्थेटिस्ट), मदुसूदन मरांडी एवं सिस्टर रेखा के सहयोग से हिस्टेरेक्टॉमी (गर्भाशय निकालने का ऑपरेशन) सफलतापूर्वक किया गया।
उपाधीक्षक ने बताया कि ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति सामान्य है और वह स्वस्थ है। गीता देवी ने जिला प्रशासन के साथ-साथ सदर अस्पताल के डॉक्टरों, स्टाफ और अस्पताल प्रशासन का हृदय से धन्यवाद व्यक्त किया और कहा कि आयुष्मान भारत योजना की वजह से ही उनका जीवन फिर से सामान्य हो पाया।