Breaking News

अनुराग गुप्ता बने झारखंड के नियमित डीजीपी, गृह विभाग ने जारी की अधिसूचना

Share This News

रांची: झारखंड कैडर के 1990 बैच के आईपीएस अधिकारी अनुराग गुप्ता को राज्य का नियमित पुलिस महानिदेशक (DGP) नियुक्त किया गया है। गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। इससे पहले वे अपराध एवं अनुसंधान विभाग के डीजी के साथ-साथ प्रभारी डीजीपी की भूमिका निभा रहे थे।अनुराग गुप्ता वर्ष 2022 में डीजी रैंक में प्रोन्नत हुए थे और डीजी ट्रेनिंग की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। 26 जुलाई 2024 को उन्हें झारखंड का प्रभारी डीजीपी बनाया गया था। हालांकि, चुनाव के दौरान भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर उन्हें हटा दिया गया था और 1989 बैच के आईपीएस अजय कुमार सिंह को डीजीपी बनाया गया था। लेकिन चुनाव परिणाम के बाद, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के फिर से सत्ता संभालते ही अनुराग गुप्ता को डीजीपी का अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया गया था।

अनुराग गुप्ता को एक तेज-तर्रार और अनुभवी पुलिस अधिकारी माना जाता है। वे स्पेशल ब्रांच के एडीजी के तौर पर लंबे समय तक काम कर चुके हैं और साइबर अपराध, नारकोटिक्स, संगठित अपराध और महिला सुरक्षा को लेकर उनकी गहरी समझ है। डीजी सीआईडी रहते हुए उन्होंने साइबर अपराध से जुड़े कई जटिल मामलों को सुलझाने में अहम भूमिका निभाई थी।राज्य सरकार द्वारा उन्हें झारखंड पुलिस का नियमित प्रमुख बनाए जाने के बाद यह साफ हो गया है कि उनकी नेतृत्व क्षमता पर सरकार का पूरा भरोसा है। अब उनके सामने राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और साइबर क्राइम समेत अन्य अपराधों पर नियंत्रण की चुनौती होगी।

Leave a comment