Breaking News

अनंत सिंह गिरफ्तार, दुलारचंद यादव मर्डर केस में बिहार पुलिस की बड़ी कार्रवाई…

Share This News

पटना (BIHAR): मोकामा क्षेत्र में दो राजनीतिक गुटों के बीच हुई हिंसा के बाद पूर्व विधायक एवं जदयू प्रत्याशी अनंत सिंह को पुलिस ने शनिवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई दुलारचंद यादव की संदिग्ध मौत से जुड़े मामले में चुनाव आयोग के निर्देश पर तेज हुई जांच का हिस्सा है।

आधी रात ऑपरेशन: बाढ़ से हिरासत, पटना तक कड़ी सुरक्षा

पुलिस टीम ने पहले बाढ़ इलाके में अनंत सिंह को हिरासत में लिया और फिर भारी सुरक्षा के बीच उन्हें पटना लाया गया। पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस की कई गाड़ियाँ और सुरक्षा दस्ते पूरे रास्ते में मौजूद रहे, ताकि किसी अप्रिय स्थिति की संभावना न रहे।

SSP ने बताई पूरी घटना

एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि 30 अक्टूबर को चुनावी रंजिश के कारण दो प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच हिंसक संघर्ष हुआ था। पत्थरबाजी और मारपीट में कई लोग घायल हुए और घटना के बाद 75 वर्षीय दुलारचंद यादव का शव उसी गांव से बरामद किया गया।

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान मिले सबूतों, प्रत्यक्षदर्शियों की गवाही और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह स्पष्ट हुआ कि मामले में आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन हुआ है और यह हिंसा अनंत सिंह की मौजूदगी में हुई। इसी आधार पर उन्हें मुख्य आरोपित मानते हुए गिरफ्तार किया गया। उनके साथ मणिकांत ठाकुर और रंजीत राम को भी पकड़ा गया है। तीनों को मजिस्ट्रेट के सामने प्रस्तुत कर आगे की पूछताछ की जाएगी।

DM ने कहा—“निर्वाचन प्रक्रिया पर कोई समझौता नहीं”

पटना डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने कहा कि मोकामा में हुई घटना को प्रशासन ने अत्यधिक गंभीरता से लिया है। अब तक करीब 80 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि आदर्श आचार संहिता स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव की आधारशिला है, और कानून से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

इलाके में हाई अलर्ट, आयोग ने मांगी विस्तृत रिपोर्ट

घटना के बाद पूरे मोकामा क्षेत्र को हाई अलर्ट पर रखा गया है। अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। अब तक दोनों पक्षों की शिकायतों पर कुल चार प्राथमिकी दर्ज हो चुकी हैं।
चुनाव आयोग ने डीजीपी और डीएम से 2 नवंबर तक विस्तृत रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है।
प्रशासन का कहना है कि शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी को भी कानून व्यवस्था बिगाड़ने नहीं दिया जाएगा।

Leave a comment