बर्खास्त सिपाही गिरफ्तार, गंभीर आरोपों के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Share This News

उत्तर प्रदेश: वर्दी की आड़ में नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवाओं से ठगी करने वाला एक बर्खास्त पुलिसकर्मी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। यूपी पुलिस ने आरोपी अजय कुमार जायसवाल को गिरफ्तार कर उस फर्जीवाड़े का खुलासा किया, जिसमें बेरोजगार युवाओं से सरकारी नौकरी के नाम पर मोटी रकम वसूली जा रही थी।

आरोप है कि जायसवाल पुलिस की वर्दी पहनकर खुद को उच्च अधिकारी बताता था और कभी NSSO का बड़ा अफसर होने का दावा कर भरोसा जीतता था। वह युवाओं को सरकारी नौकरी दिलाने का आश्वासन देकर पैसे लेता और बाद में कथित तौर पर फर्जी नियुक्ति पत्र थमा देता था।

मामला तब खुला जब बस्ती में कुछ पीड़ितों ने उससे सवाल-जवाब किए और इस दौरान किसी ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिकायत पुलिस तक पहुंची और जांच शुरू हुई।

तफ्तीश में सामने आया कि आरोपी पहले गाजीपुर में यूपी पुलिस में तैनात था, लेकिन उसे सेवा से बर्खास्त किया जा चुका था। उसके खिलाफ विभिन्न जिलों में छह आपराधिक मामले दर्ज हैं और उसका आपराधिक रिकॉर्ड पहले से मौजूद था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी नए लोगों को झांसे में लेने की फिराक में था, तभी उसे गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a comment